Related Posts

सोनीपत में पार्षद उम्मीदवार के बेटे ने किया सुसाइड:चुनाव प्रचार से आकर घर में लगाया फंदा; नौकरी जाने से परेशान था, आज पोस्टमार्टम




सोनीपत में नगर निगम चुनावी माहौल के बीच एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। वार्ड नंबर-5 से आजाद उम्मीदवार और कांग्रेस की पूर्व नेता संतोष कादियान के परिवार में उस समय मातम छा गया, जब उनके 32 वर्षीय छोटे बेटे नवीन ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर के चौबारे के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय हुई जब परिवार चुनावी गतिविधियों में व्यस्त था। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक ने दिन में ही यह कदम उठाया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। चुनावी व्यस्तता के बीच उठा खौफनाक कदम
मृतक नवीन की मां संतोष कादियान ने बताया कि उनका बेटा देर रात तक चुनाव प्रचार में जुटा हुआ था। वह सुबह करीब 4 बजे तक बैनर लगाने का काम करके लौटा था। दिन में भी वह अपनी मां के साथ चुनावी कार्यालय में सक्रिय था। दोपहर करीब 2 बजे संतोष कादियान घर खाना खाने आईं और नवीन उन्हें वापस कार्यालय छोड़कर आया। लेकिन इसके करीब आधे घंटे बाद ही उसने घर के चौबारे में बने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घर में मचा हड़कंप, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस घटना के बाद पूरे परिवार और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। चुनावी माहौल के बीच अचानक हुई इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। बीमारी और बेरोजगारी से जूझ रहा था नवीन
परिजनों के अनुसार नवीन शुगर (डायबिटीज) की बीमारी से पीड़ित था और कई बार उसका शुगर लेवल काफी बढ़ जाता था। इसके अलावा करीब ढाई महीने पहले उसकी नौकरी भी छूट गई थी। वह राजस्थान के भिवाड़ी में काम करता था। नौकरी जाने के बाद से वह मानसिक तनाव में भी चल रहा था, हालांकि परिवार के साथ मिलकर वह चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग ले रहा था। परिवार में पत्नी और दो मासूम बेटियां
32 वर्षीय नवीन अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। उसकी बड़ी बेटी 11 साल की है, जबकि छोटी बेटी मात्र ढाई साल की है। इसके अलावा परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई अजय भी हैं। अजय के भी तीन बेटियां हैं। एक ही परिवार में इतनी बड़ी त्रासदी ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां का बयान: कोई झगड़ा नहीं, गलत कदम उठाया
संतोष कादियान ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि यह कदम बेहद गलत है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके बेटे ने ऐसा क्यों किया। उन्होंने बेटे के इस फैसले पर गहरा दुख जताया। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम आज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है, जो शुक्रवार को किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें