फतेहाबाद के सदर थाने में शराब की 211 पेटियां कागजों में नष्ट करने के मामले में एसपी निकिता खट्टर ने मालखाना इंचार्ज हेड कांस्टेबल कमल कुमार को भी सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में एसआईटी की जांच लगातार जारी है। एसआईटी अपनी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर एसपी निकिता खट्टर को सौंपेगी। इस मामले में पुलिस के अन्य अधिकारियों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। अब तक की जांच में सामने आया है कि मालखाने की चाबी तत्कालीन एसएचओ प्रहलाद सिंह के पास रहती थी। वह अपनी गाड़ी में भी शराब की पेटियां रखवाकर ले गए थे। बता दें कि, सदर थाना के मालखाने में रखी शराब की पेटियों को कागजों में नष्ट किया हुआ दिखा दिया गया। मगर 211 पेटियों को कंटेनर में छुपाकर रख दिया गया। धीरे-धीरे इन पेटियों को कंटेनर व मालखाने से निकाल लिया गया। इस मामले में तत्कालीन एसएचओ पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही एसपी ने पूरे थाने का स्टाफ बदल दिया। सभी के लिए गए बयान इस मामले में एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने शुरुआती जांच की। उन्होंने एसएचओ, मालखाना इंचार्ज, थाने के मुंशी, एसएचओ की गाड़ी के ड्राइवर, ईटीओ व अन्य पुलिसकर्मियों के बयान लिए। अधिकांश के बयानों में अलग-अलग बात सामने आई। एएसपी की रिपोर्ट के आधार पर एसपी निकिता ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरा थाना स्टाफ बदला। और भी खुलासे होने की संभावना अब एसआईटी की जांच में और भी खुलासे होने की संभावना है। यह भी सामने आना बाकी है कि शराब की पेटियां एसएचओ ने किस-किस को पहुंचाई। कहां-कहां पेटियां सप्लाई की गई। यह भी जांच हो रही है कि इन पेटियों की खपत कितने समय में हुई है।
Source link
