सोनीपत जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान के तहत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा एक विशेष पशु टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उप-निदेशक डॉ. रविन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में यह अभियान पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंच रही हैं। वे पशुओं को मुंहखुर (खुरपका-मुंहपका) और गलघोटू सहित विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण कर रही हैं। टीकाकरण के साथ-साथ, पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर उपचार के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी और पशु चिकित्सक पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जानकारी दे रहे हैं। दुधारू पशुओं और अन्य पालतू पशुओं का टीकाकरण किया गुरुवार को इस अभियान के अंतर्गत गांव महमूदपुर और मदीना सहित जिले के विभिन्न गांवों में विभाग की टीमों ने दुधारू पशुओं और अन्य पालतू पशुओं का टीकाकरण किया।उपनिदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा ने बताया कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले भर में लंपी स्किन डिजीज, खुरपका-मुंहपका, ब्रुसेलोसिस और गलघोटू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। ‘प्रत्येक पशुपालक इन सुविधाओं का लाभ उठाए’ डॉ. हुड्डा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पशुपालन क्षेत्र के विकास, पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुधन संरक्षण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभाग का प्रयास है कि जिले का प्रत्येक पशुपालक इन सुविधाओं का लाभ उठाए और अपने पशुधन को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखे।
Source link
सोनीपत में पशु टीकाकरण अभियान तेज:गांव-गांव पहुंच रही विभाग की टीमें, पशुधन को बीमारियों से बचाने पर फोकस
