spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

सैनी महासम्मेलन में हरियाणा CM सैनी की हुंकार:राजपुरा में बोले-भाजपा ने OBC को सिर्फ वोट बैंक नहीं माना; नेतृत्व सौंपकर बनाया सशक्त




हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के राजपुरा में सैनी समाज वेलफेयर कमेटी के महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सैनी समाज के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का जिक्र किया। सैनी ने समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि समाज के कल्याण और अधिकारों की रक्षा के लिए वे नीतिगत और व्यक्तिगत रूप से कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। सैनी ने कहा कि अन्य पार्टियां ओबीसी को हमेशा से सिर्फ वोट बैंक के रूप में देखते हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी ओबीसी समाज को सिर्फ वोट बैंक के तौर पर यूज नहीं करती बल्कि नेतृत्व भी देती है। उन्होंने कहा कि आपके समाज का सैनी हरियाणा का मुख्यमंत्री के रूप में आपके सामने है। महासम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन की अहम बातें: राजपुरा का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व: राजपुरा की धरती की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि इस क्षेत्र का अपना एक महान धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। यहां स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर हमारी अगाध आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का जागृत केंद्र है। यह पूरा क्षेत्र पंजाब, हरियाणा और पूरे देश की प्रगति को आपस में जोड़ने वाला एक मजबूत प्रवेश द्वार है। सैनी समाज का इतिहास त्याग और सेवा का: मुख्यमंत्री ने समाज के इतिहास को याद करते हुए कहा कि सैनी समाज का इतिहास कोई साधारण इतिहास नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, त्याग, तपस्या और अटूट सेवा का इतिहास है। इस समाज ने हमेशा शिक्षा, कृषि, रक्षा और राष्ट्र निर्माण में सबसे आगे रहकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नारा नहीं, नीति और नियत में सामाजिक न्याय: केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय केवल चुनाव का नारा बनकर नहीं रहा है, बल्कि इसे सरकार की नीति और नियत दोनों में ईमानदारी से लागू किया गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में ही ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, जो कि एक ऐतिहासिक और युगांतकारी कदम है। वोट बैंक नहीं, ओबीसी को दिया नेतृत्व: उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि हमारी पार्टी ने ओबीसी समाज को कभी सिर्फ वोट बैंक नहीं माना, बल्कि नेतृत्व सौंपकर उन्हें असल मायने में सशक्त बनाया है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि पंजाब से ओबीसी समाज के वरिष्ठ नेता सरदार इकबाल सिंह लालपुरा जी को पार्टी के सर्वोच्च नीति निर्धारक संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया है। अन्याय के खिलाफ संगठित होने का आह्वान: पंजाब की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी मेहनत, प्रतिभा और संघर्ष के लिए जाना जाता है, उसे यहाँ उसके बुनियादी अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। हमें इस व्यवस्था और अन्याय के खिलाफ संगठित होकर अपनी आवाज उठानी होगी। हरियाणा सरकार का काम, पत्थर की लकीर: मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हरियाणा में हमारी सरकार का एक ही नियम है कि जो वादा किया, उसे पत्थर की लकीर मानकर पूरा किया। उन्होंने समाज को आश्वस्त किया कि समाज के कल्याण, आपके अधिकारों की रक्षा और नीतिगत रूप से या व्यक्तिगत रूप से जो भी बन पड़ेगा, उसे करने में वे कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles