सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र में एक छात्रा से बैग छीनकर फरार हुए बाइक सवार युवक को रानियां पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संतावाली निवासी हरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। रानियां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोख सिंह ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते दिन रानियां निवासी हिमांशी ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वह अपनी माता के साथ रानियां कॉलेज में दाखिला करवाकर दोपहर करीब 2 बजे घर लौट रही थी। छात्रा के हाथ से छीना था मोबाइल जब वे पैदल रानियां बाजार से होते हुए शनि मंदिर के नजदीक पहुंचीं, तो पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने हिमांशी के हाथ से बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गया। बैग में एक मोबाइल फोन, कुछ जरूरी कागजात और 400 रुपए नकद थे। बाइक समेत किया गिरफ्तार पीड़िता की शिकायत पर रानियां थाने में छीना-झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, रानियां थाना की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त आरोपी हरजीत सिंह पुत्र श्रवण सिंह को उसकी बाइक सहित काबू कर लिया। पुलिस बोलीं- नशे का आदी है आरोपी इंस्पेक्टर संतोख सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी नशे का आदी है। उसने नशे की पूर्ति के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजेगी।
Source link
सिरसा में छात्रा से बैग छीनने वाला युवक काबू:12 घंटे बाद पकड़ में आया, पुलिस बोलीं-नशे की लत के लिए की वारदात
