हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सांपला में कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव में कमल का फूल खिलेगा और ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता सांपला के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। बुधवार को सांपला नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर अग्रवाल धर्मशाला, पुरानी अनाज मंडी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें सहकारिता मंत्री एवं चुनाव प्रभारी डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की। सांपला विकास कार्यों को मिलेगी गति: अरविंद शर्मा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांपला में इस बार ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। डॉ. शर्मा ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनहित में लिए गए अनेक ऐतिहासिक फैसलों से जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ किए गए विकास कार्यों, नौकरियों और योजनाओं के क्रियान्वयन में निष्पक्षता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान डॉ. शर्मा ने कहा कि सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद, उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ सांपला नगर पालिका चुनाव के लिए दावेदारी कर रहे उम्मीदवारों से मुलाकात की और उनसे संगठनात्मक प्रभाव व क्षेत्र के लिए उनकी सोच पर सवाल-जवाब किए।
Source link
सांपला में बनेगी ट्रिपल इंजन की सरकार:पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का दावा, बोले- विकास कार्यों को नई गति मिलेगी
