हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरु अर्जुन देव के 420वें शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पंचम पातशाह गुरु अर्जुन देव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश और धर्म की रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले गुरु साहिब का बलिदान मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास त्याग, तपस्या, बलिदान और आध्यात्मिक पराक्रम की अनवरत यात्रा रहा है। जब-जब देश और धर्म पर संकट आया, तब-तब हमारे गुरुओं ने अपने रक्त से इस पावन भूमि को सींचकर सत्य और धर्म की रक्षा की। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन सादगी, करुणा और असीम आध्यात्मिक ऊंचाइयों का अद्भुत संगम था। सैनी ने कहा कि गुरु साहिब ने हरमंदिर साहिब की स्थापना कर मानवता को एकता और भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न संतों, भक्तों और महापुरुषों की वाणी को संकलित कर गुरु ग्रंथ साहिब के रूप में दिव्य ग्रंथ प्रदान किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का बलिदान हमें यह संदेश देता है कि सत्य, न्याय और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए कभी भी समझौता नहीं करना चाहिए। मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें गुरुओं के योगदान और इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने आठवीं कक्षा के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं के इतिहास को शामिल किया है ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से परिचित हो सके। इसके अलावा गुरुओं की शिक्षाओं और उनके प्रकाश पर्वों को राज्य स्तर पर मनाया जा रहा है। हजूर साहिब के लिए चलाई विशेष ट्रेनें मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए 5 मई को कुरुक्षेत्र तथा 15 मई को सिरसा से विशेष ट्रेनें रवाना की गईं। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। अंतिम व्यक्ति की सेवा ही सरकार का धर्म सैनी ने कहा कि उनकी सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा को ही अपना परम धर्म मानती है। उन्होंने कहा कि समाज को जाति-पाति, छुआछूत और भेदभाव की दीवारों को तोड़कर एक मजबूत, समरस और अखंड राष्ट्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें गुरुओं के महान इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी से गुरु साहिब के बताए सत्य, करुणा, सेवा और सिमरन के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
Source link
