![]()
फर्रुखनगर के केएमपी टोल के पास फ्लाईओवर के नीचे 25 जुलाई को लावारिस हालत में मिले एक व्यक्ति की 15 दिन बाद भी पहचान नहीं हो पाई है। उपचार के दौरान 31 जुलाई को उसकी मृत्यु हो गई थी। फर्रुखनगर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए उसका हुलिया और पहने हुए कपड़ों की जानकारी सार्वजनिक की है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति को पहले सेक्टर-10 सिविल अस्पताल, गुरुग्राम में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया, जहां 31 जुलाई को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सफदरजंग अस्पताल की मोर्चरी में रखा है शव मृतक का शव फिलहाल सफदरजंग अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। थाना फर्रुखनगर पुलिस उसकी पहचान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के लोगों और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने वाले परिजनों से हुलिए के आधार पर पहचान करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 29 वर्ष है। उसका रंग सांवला, चेहरा गोल और कद करीब 5 फीट 8 इंच है। उसके दाहिने हाथ की कलम वाली उंगली कटी हुई है। मृतक ने आसमानी/नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर “Sunny Bicky” लिखा हुआ है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो और उसका हुलिया उक्त व्यक्ति से मिलता-जुलता हो, तो तुरंत थाना फर्रुखनगर पुलिस से संपर्क करें। सूचना मिलने पर पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि मृतक के परिजनों तक खबर पहुंचाई जा सके। संपर्क के लिए थाना फर्रुखनगर के मोबाइल नंबर 9416133550 और 9999981841 पर कॉल किया जा सकता है।
Source link







