भिवानी जिले के लोहारू कस्बे में पिलानी रोड स्थित 709 राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाल ही में हुई बरसात के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। इस जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, विशेषकर ऑटो मार्केट क्षेत्र में। जिस स्थान पर पानी जमा हुआ है, वहीं ऑटो मार्केट स्थित है। इससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, कोर्ट परिसर और नगर पालिका कार्यालय आने-जाने वाले नागरिक भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। यह सड़क मार्ग अत्यंत व्यस्त है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसी मार्ग पर आईटीआई, कोर्ट परिसर, बिजली बोर्ड कार्यालय, गौशाला, निजी स्कूल और बस स्टैंड भी स्थित हैं, जो इसे और भी महत्वपूर्ण बनाते हैं। दुकानों तक जाते है गंदे पानी के छींटे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता है। तेज गति से गुजरने वाले वाहनों से गंदे पानी के छींटे दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी हो रही है। दुकानदारों ने यह भी बताया कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से क्षेत्र में बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। ऑटो मार्केट के दुकानदारों (मिस्त्रियों) ने बताया कि जिस दिन यहां पानी जमा हो जाता है, उस दिन उनकी दुकानदारी पूरी तरह ठप हो जाती है। ग्राहक वापस लौट जाते हैं और उन्हें भी बिना काम के ही लौटना पड़ता है, जिससे रोजाना की आमदनी पर सीधा असर पड़ रहा है। यहीं से गुजरते है प्रशासनिक अधिकारी हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से नगर पालिका के अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, जज सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी रोजाना गुजरते हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस संबंध में नेशनल हाईवे के जेई जितेंद्र नारंग ने बताया कि विभाग द्वारा बरसाती पानी की निकासी के लिए एक चैंबर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पालिका नेशनल हाईवे से अनुमति लेकर कार्य करवाती है, तो पानी निकासी की समस्या का समाधान किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
Source link
