पंचकूला के चंडीमंदिर कैंट में तैनात एक फौजी के साथ AGIF लोन दिलाने के नाम पर 14.58 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी सागर गुलेरिया के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता लवकुश अहिरवार (118 इंजीनियर रेजिमेंट) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 फरवरी 2026 को जोशी एन्क्लेव के पास एक व्यक्ति ने खुद को सेना कर्मी बताते हुए रोका। उसने कैंटीन कार्ड और पहचान पत्र दिखाकर भरोसा दिलाया और AGIF के जरिए सस्ते लोन व भारी सब्सिडी का झांसा दिया। आरोपी ने बताया कि 10 लाख के लोन पर 7 लाख और 20 लाख के लोन पर 15 लाख रुपए तक सब्सिडी दिलवाई जा सकती है। प्लॉट खरीदने की जरूरत के चलते शिकायतकर्ता उसके झांसे में आ गया। आरोपी ने वॉट्सएप के जरिए आधार, पैन, सैलरी डिटेल्स समेत सभी जरूरी दस्तावेज मंगवाए और OTP भी हासिल कर लिए। OTP के जरिए ट्रांसफर की राशि 9 फरवरी को शिकायतकर्ता के SBI खाते में 14.58 लाख रुपए आने का मैसेज मिला। इसके बाद आरोपी ने योनो ऐप और बैंकिंग डिटेल्स लेकर OTP के जरिए पूरी रकम अपने साथियों के खातों में ट्रांसफर कर ली। जब पीड़ित ने पैसे मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और मार्च अंत तक रकम वापस करने का झूठा भरोसा देता रहा। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उसके खाते से 25 हजार रुपए की EMI भी कट चुकी है। लगातार संपर्क करने पर भी आरोपी जवाब नहीं दे रहा है। EOW सेल को सौंपी जांच मामले की जांच के बाद पुलिस ने थाना चंडीमंदिर में धारा 318(4) BNS 2023 के तहत केस दर्ज किया है। जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW सेल) पंचकूला को सौंप दी गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी फौजी पहचान का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से ठगी की। पुलिस अब आरोपी और उसके नेटवर्क की तलाश में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल्स, OTP या निजी दस्तावेज साझा न करें, खासकर लोन या सब्सिडी के नाम पर आने वाले ऑफर से सतर्क रहें।
Source link
