लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर व पुलिस कमिश्नर को भेजी गई ईमेल में डीसी दफ्तर व नगर निगम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। दफ्तरों के अलावा रेलवे ट्रेक को उड़ाने की बात भी कही गई। इसके अलावा सीएम मान व गृहमंत्री अमित शाह को उड़ाने की बात भी लिखी गई। ये बातें पहले आई धमकियों वाली ईमेल में भी थी। इस बार ईमेल में जो नई बात लिखी गई वो थी कि 18 जून से 30 सितंबर तक अपने बच्चों को दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों में न भेजें। इस दौरान ट्रेनों और पटरियों पर बम ब्लास्ट होंगे।
वहीं ईमेल की शुरुआत में ही लिखा गया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब ने खालसा पंथ विरोधी घोषित कर दिया है। 2027 तक सीएम मान को 1995 में बेअंत सिंह (पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री) की तरह ही मानव बम से उड़ा दिया जाएगा। ईमेल के आखिर में खालिस्तान नेशनल आर्मी और इंजीनियर गुरनाख सिंह रुकन शाहवाला व डॉ. गुरनिरवैर सिंह खान राजादा लिखा गया है। जानकारी के अनुसार प्रशासन को 17 जून, 2026 को सुबह करीब 9:34 बजे मेल मिली। मेल आने के बाद पुलिस व प्रशासन ने डीसी दफ्तर, नगर निगम दफ्तर में हर आने जाने वाले पर नजर रखनी शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की मेल पहले भी आई थी। हालांकि तब भी कुछ नहीं निकला था। फिर भी प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इस ईमेल के बाद लुधियाना मेयर दफ्तर, डीसी कॉम्प्लेक्स और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह ईमेल कहां से जनरेट हुआ है और इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या वाकई कोई बड़ी साजिश रची जा रही है। इनबॉक्स में प्राप्त हुआ धमकी भरा ईमेल अधिकारियों के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल लुधियाना के उपायुक्त (DC) कार्यालय और नगर निगम के आधिकारिक इनबॉक्स में प्राप्त हुआ। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया है कि सरकारी परिसरों के भीतर बम प्लांट किए गए हैं, जो किसी भी समय फट सकते हैं। धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कदम उठाते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों को तैनात कर दिया। टीमों ने डीसी दफ्तर और नगर निगम मुख्यालय के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। हालांकि, शुरुआती जांच और तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस साइबर सेल की जांच शुरू लुधियाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की साइबर सेल टीम अब उस आईपी एड्रेस और ईमेल डोमेन को ट्रैक करने में जुट गई है, जिसके जरिए यह फर्जी ईमेल भेजा गया था। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने के इरादे से यह शरारत की गई है। आरोपी का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां यह पहली बार नहीं है जब लुधियाना के इन मुख्य सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाया गया है। हाल के महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में स्कूलों, हवाई अड्डों और सरकारी इमारतों को मिलने वाली फर्जी बम धमकियों के सिलसिले के बीच लुधियाना में भी ऐसी धमकियां पहले मिल चुकी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पैनिक (घबराएं) न हों, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन को मिली मेल में लिखी अहम बातें… मेयर और DC ऑफिस पर फिदायीन हमला: आज दोपहर 1:11 बजे लुधियाना मेयर और डीसी ऑफिस को ‘मानव बम’ से उड़ाने की धमकी दी गई थी। CM भगवंत मान को निशाना बनाने का दावा: ईमेल में लिखा गया है कि 2027 तक पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पूर्व सीएम बेअंत सिंह की तरह आत्मघाती हमला किया जाएगा। रेलवे ट्रैक और आम जनता को चेतावनी: ईमेल में साफ लिखा गया है कि 18 जून से 30 सितंबर के बीच अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया जाएगा। भेजने वाले ने खुलेआम चेतावनी दी है अपने बच्चे बचाओ, कोई भी 18 जून से 30 सितंबर के बीच दिल्ली वाली रेल से सफर न करे। गृह मंत्री अमित शाह को धमकी: ईमेल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाने और हरदीप सिंह निज्जर की मौत का बदला लेने की बात भी कही गई है।
Source link
