हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और हिसार CIA इंचार्ज पवन कुमार के बीच चल रहा विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब रोहतक पुलिस कस्टडी में 51 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर की मौत का मामला सामने आ गया है। टैक्सी ड्राइवर को रोहतक CIA-2 पुलिस शुक्रवार शाम रंगदारी मांगने के एक मामले में पूछताछ के लिए उठाकर लाई थी। शनिवार सुबह परिवार को उसकी मौत की सूचना दी गई। इसके बाद रोते-बिलखते परिजन थाने पहुंचे और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने सख्ती से पूछताछ करते हुए उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत हार्ट अटैक से हुई है। शव का आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। वहीं, मामले की सूचना मिलते ही पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की टीम भी मृतक के परिजनों से मिलने पहुंची। गौरतलब है कि शुक्रवार को चौटाला ने कहा था कि यदि कहीं भी सीआईए टीम की गुंडागर्दी सामने आए तो उसके फोटो तुरंत साझा किए जाएं। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामाला… परिवार ने लगाया थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का आरोप नरेश के परिवार ने CIA-2 टीम पर थर्ड डिग्री टॉर्चर करने का आरोप लगाया। बताया कि जिस वक्त पुलिस नरेश को उठाकर ले गई थी, तब वह बिल्कुल ठीक था। पुलिस ने सख्ती के साथ पूछताछ करते हुए गंभीर चोट मारी, जिसके कारण ही उसकी मौत हुई है। परिवार ने टीम पर कार्रवाई करने की मांग की। CIA इंचार्ज बोले- हार्टअटैक के कारण हुई मौत उधर, इस मामले में CIA-2 इंचार्ज सतीश का कहना है कि नरेश को हार्टअटैक आया है। इसके कारण रात के समय ही उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान उकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में भेजा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति और ज्यादा साफ हो जाएगी। दुष्यंत चौटाला उठा चुके CIA की कार्यप्रणाली पर सवाल पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में CIA टीम पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि कोई भी CIA पुलिस की गाड़ी काले शीशे और बिना नंबर प्लेट के दिखे तो तुरंत फोटो खींचकर मुझे ट्वीट कर दें। मैं देखता हूं कि CIA वाले काले शीशे वाली गाड़ी और सिविल ड्रेस में क्रिमिनल बनकर कैसे घूमते हैं। यह लड़ाई हम शुरू कर रहे हैं। इसी को देखते हुए जजपा के छात्र संगठन इनसो के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने नरेश के परिवार से पोस्टमॉर्टम हाउस पर मुलाकात की। दीपक ने बताया कि परिवार से मामले की जानकारी ली गई है। इस जानकारी को दुष्यंत चौटाला को भेजा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
