रोहतक के गांव बोहर में किराए पर रहने वाले परिवार के दो नाबालिग बच्चे जेएलएन नहर में डूब गए। सूचना पाकर आईएमटी थाना पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन अभी तक बच्चों का कोई सुराग नहीं है। नहर में डूबे बच्चों की पहचान 9 वर्षीय प्रदीप व 12 वर्षीय कुलदीप पुत्र दलीप सिंह के रूप में हुई, जो बिहार के रहने वाले है। वह गांव बोहर में किराए के कमरे में रहते है। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय दोनों बच्चे नहर पर नहाने के लिए गए थे। नहर की सीढ़ियों पर बैठकर नहा रहे थे। इसी दौरान प्रदीप का पैर फिसल गया और वह नहर में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई कुलदीप भी नहर में कूदा, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण दोनों नहर में बहते चले गए। सूचना पाकर ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन एसडीआरएफ टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है, लेकिन अभी तक बच्चों के बारे में कुछ पता नहीं चला। टीम ने नहर में उतरकर गोताखोरों की मदद से भी तलाश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज है कि बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। टीम बेरी हेड तक तलाश कर रही है। 2 दिन पहले ही नहर में आया पानी बताया जा रहा है कि जेएलएन नहर में 2 दिन पहले ही पानी आया है, जिसके कारण बच्चे नहर में नहाने के लिए चले गए। नहर में पानी का बहाव तेज है, जिसके कारण बच्चों के बचने की संभावना कम है। टीम लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। बच्चों को जल्द ढूंढ लिया जाएगा आईएमटी थाना पुलिस ने बताया कि दो बच्चों के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। मौके पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सर्च ऑपरेशन चल रहा है। बच्चों को जल्द खोज लिया जाएगा।
Source link
