रोपड़ के 7 वर्षीय तेगबीर सिंह ने नेपाल के प्रसिद्ध अन्नपूर्णा सर्किट के सबसे ऊंचे बिंदु थोरोंग ला पास को पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। महज 7 साल 6 महीने की उम्र में उन्होंने लगभग 235 किलोमीटर लंबा यह कठिन ट्रैक पूरा किया। थोरोंग ला पास समुद्र तल से 5416 मीटर (17,769 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है, जिसे अनुभवी ट्रेकर्स के लिए भी एक बड़ी चुनौती माना जाता है। तेगबीर ने 11 अप्रैल को ट्रेक शुरू किया और 18 अप्रैल को थोरोंग ला पास पर पहुंचकर अपना लक्ष्य प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें औसतन -8 डिग्री तापमान, तेज हवाएं और कम ऑक्सीजन जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अपनी सफलता पर तेगबीर ने बताया कि उन्होंने पहले से कड़ी तैयारी की थी और उन्हें इस लंबे व चुनौतीपूर्ण सफर का अंदाजा था। उन्होंने कहा कि आखिरी दो दिनों में थकान के कारण जूते भारी लगने लगे थे। तेगबीर शिवालिक पब्लिक स्कूल, रोपड़ में तीसरी कक्षा के छात्र हैं और पहले भी कई रिकॉर्ड बना चुके हैं।
दुबई के इवान क्रुशकोव का रिकार्ड तोड़ा तेगबीर ने दुबई के इवान क्रुशकोव द्वारा अप्रैल 2025 में बनाए गए रिकॉर्ड (7 साल 10 महीने) को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले, जून 2025 में उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस और अगस्त 2024 में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतह की थी। अप्रैल 2024 में वह माउंट एवरेस्ट बेस कैंप भी पहुंच चुके हैं। तेगबीर के पिता सुखिंदरदीप सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने लगभग छह महीने तक विशेष तैयारी की थी। कोच बिक्रमजीत सिंह घुम्मण ने उन्हें हृदय और फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ ऊंचाई की परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया। माता डॉ. मनप्रीत कौर के अनुसार, संतुलित आहार और सख्त डाइट प्लान ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिवार ने बताया कि तेगबीर 22 अप्रैल को रोपड़ लौटेंगे।
Source link
रोपड़ के 7 वर्षीय तेगबीर सिंह ने बनाया विश्व रिकॉर्ड:नेपाल के थोरोंग ला पास का 235 किमी ट्रैक पूरा किया,इवान क्रुशकोव को पीछे छोड़ा
