यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो बच्चों के पिता की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक बुरी तरह झुलस गया।
.
मृतक की पहचान रादौर के गांव धोलरा निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है, जो सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य करता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवा दिया।
जोरदार धमाके के साथ झुलसा
मृतक के रिश्तेदार लाभ सिंह ने बताया कि शिव कुमार अपने तीन साथियों के साथ गणपति कॉलेज के पास स्थित एक दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाने गया था। दुकान के साथ लगती एक खाली दुकान में कैमरे फिट किए जाने थे। इस दौरान एक साथी नीचे फिटिंग का कार्य कर रहा था, जबकि शिव कुमार और उसका एक अन्य साथी छत पर कैमरे की वायरिंग का काम कर रहे थे।
अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजन व अन्य।
उन्होंने बताया कि जब शिव कुमार छत पर कैमरे की तार खोल रहा था, तभी दुकान की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथ मौजूद साथी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस मामले की कर रही जांच
घायल शिव कुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
