Related Posts

यमुनानगर में बेकाबू डंपर ने तोड़ी अस्पताल की दीवार:कई खोखे क्षतिग्रस्त, ओवरटेक करते हुए पलटा, सड़क पर फैली मिट्‌टी




यमुनानगर के छछरौली इलाके के तिकोनी मोड़ पर रविवार सुबह मिट्टी से भरा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि डंपर सीधे सिविल अस्पताल की दीवार से जा टकराया, जिससे दीवार का एक हिस्सा ढह गया और पास में लगे कई खोखे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डंपर को जगह से हटाया और मामले की जांच शुरू की। तेज रफ्तार में आए रहे थे दो डंपर साइकिल खोखा संचालक इंद्रजीत ने कहा कि आज सुबह मिट्‌टी से भरे दो डंपर स्पीड में आ रहे थे। दोनों एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। इसी दौरान उनके से एक डंपर ओवरटेक करता हुआ आगे आया और सिविल अस्पताल के बाहर बने खोखों को क्षतिग्रस्त करता हुआ सिविल अस्पताल की दीवार से टकरा गया। टक्कर से अस्पताल की दीवार टूट गई और मिट्टी से भरा डंपर वहीं पर पलट गया। इस दौरान उसमें भरी मिट्‌टी फैल गई। इंद्रजीत ने कहा कि गनीमत रही जिस समय यह हादसा हुआ, मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, नहीं तो हादसा और ज्यादा भयावह हो सकता था। नशे में डंपर चलाने का आरोप इंद्रजीत ने आरोप लगाया कि डंपर चालक ने शराब का सेवन भी किया हुआ था, जिस कारण यह हादसा हुआ है। साथ में उन्होंने प्रशासन से मांग भी की कि इस हादसे में हुए उनके नुकसान की भरपाई भी कराई जाए। वहीं, इस मामले में डंपर ड्राइवर सतबीर का कहना है कि वह ज्यादा स्पीड़ में नहीं था और न ही उसने किसी प्रकार का नशा किया हुआ है। अचानक से संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ है, जिसमें उसे भी चोट आई है। जेसीबी की मदद से सीधा किया डंपर सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से पलटे हुए डंपर को सीधा कर सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू किया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेक की होड़ को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें