यमुनानगर के करेड़ा खुर्द गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ऑटो पलट गया। इस भीषण हादसे में ऑटो में सवार एक ही परिवार के 7 महिलाओं सहित 10 सदस्य घायल हो गए। हादसे में तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर डायल 112 की गाड़ी पहुंची और परिजन भी आ गए। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। चौक पर एक और सवारी बैठाने के लिए रूके थे गांव करेड़ा खुर्द निवासी अनिल ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। आज सुबह वह ऑटो में अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला के गांव मंगलोई बुआ के लड़के की रस्मक्रिया में शामिल होने के लिए जा रहा था। ऑटो में उसका भाई अमन कुमार, मनीष कुमार, पत्नी किरणा देवी, भाभी प्रकाशो, सलोचना, सोना निवासी करेड़ा खुर्द और भाभी दर्शनी देवी, शीला देवी व कमलेश निवासी दोसानी सवार थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे वे ऑटो में सवार होकर घर से निकले थे। गांव के चौक से ही उन्होंने एक अन्य सवारी नीलम को बिठाना था। ऐसे में ऑटो लेकर जैसे ही वे चौक के पास पहुंचे और ऑटो को सड़क की साइड में लगाने लगे, तभी पीछे से एक कार चालक अपनी ऑल्टो गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आया और ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो पलटते ही मची चीख-पुकार टक्कर लगने से ऑटो सड़क पर पलट गया और सभी सवारियां उसमें फंस गईं। इतने में मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर तुरंत सहायता के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों द्वारा इस बारे में तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही उनके परिजन भी मौके पर आ गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज किया जा रहा है। बाजू, सिर तो किसी की टांग पर आई गहरी चोट अनिल ने बताया कि हादसे में उसके सिर में चोट आई है। वहीं कुछ महिलाओं की हालत ज्यादा गंभीर है, जिनमें सलोचना की बाजू पर गहरा कट लगा है, प्रकाशो को टांग पर गंभीर चोट आई है। इसी प्रकार दर्शनी देवी के कंधे पर और शीला देवी के घुटने व सिर में चोट लगी है। अन्य लोगों को शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। अनिल ने कहा कि यह हादसा ऑल्टो कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Source link
