spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

यमुनानगर कोर्ट कर्मचारी डेथ मिस्ट्री:हत्या या हादसा, पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची, परिजन बोले- अब एसपी से करेंगे मुलाकात




यमुनानगर के कैत गांव के पास झाड़ियों में मिले कुरुक्षेत्र जिला कोर्ट के कर्मचारी गुरमेल सिंह की संदिग्ध मौत की गुत्थी घटना के पांच दिन बाद भी नहीं सुलझ पाई है। पुलिस अभी तक इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है कि गुरमेल सिंह की मौत हत्या के कारण हुई या फिर किसी सड़क हादसे में जान गई। इस बीच जांच के दौरान सामने आई काले रंग की संदिग्ध कार भी पुलिस की जांच के दायरे में है। सूत्रों के अनुसार पुलिस कार तक पहुंच चुकी है और उससे जुड़े व्यक्ति से पूछताछ भी कर चुकी है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। जांच लंबी खिंचने से परिजनों में रोष जांच लंबी खिंचने से परिजनों में रोष बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस उन्हें लगातार आश्वासन देकर टाल रही है। अब परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले गुरमेल सिंह का शव कैत गांव के पास ओल्ड सहारनपुर रोड किनारे झाड़ियों में मिला था। शव पर कई जगह चोट और रगड़ के निशान थे। शुरुआती जांच में परिजनों ने बेटे की सात महीने पहले हुई इंटरकास्ट लव मैरिज को लेकर रंजिश का आरोप लगाते हुए बहू के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद उलझा मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुरमेल सिंह की मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया गया है। रिपोर्ट में सिर की किसी भी हड्डी में फ्रैक्चर नहीं मिला, जबकि शरीर पर कई जगह चोट और पेट पर रगड़ के निशान पाए गए। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि वह किसी वाहन की चपेट में आए हो सकते हैं। हालांकि यह सामान्य सड़क हादसा था या जानबूझकर टक्कर मारी गई, इसका जवाब अभी जांच के बाद ही सामने आएगा। घटनास्थल के पास वाहन के टायरों के निशान और अन्य साक्ष्य भी मिले थे। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस एक काले रंग की संदिग्ध कार तक पहुंची है। कार और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका इस मामले से कोई संबंध है या नहीं। परिजनों का आरोप- पुलिस हादसे की ओर इशारा कर रही मृतक के भांजे रवि का कहना है कि पुलिस अब मामले को हादसे की ओर मोड़ती नजर आ रही है, जबकि परिवार शुरू से इसे हत्या मान रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक हर पहलू की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी। उनका आरोप है कि पांच दिन बीतने के बावजूद परिवार को केवल भरोसा दिया जा रहा है। अब वे एसपी से मिलेंगे। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध वाहन समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल हत्या और हादसा, दोनों एंगल से जांच जारी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles