spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

रेवाड़ी धमाके में झुलसी युवती ने तोड़ा दम:4 दिन बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत; 25 नवंबर को होनी थी शादी




रेवाड़ी के हंस नगर में बीते रविवार शाम हुए धमाके में गंभीर रूप से झुलसी 25 वर्षीय तन्नु की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। तन्नु ने गुरुवार शाम करीब पांच बजे चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया। हादसे में वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई थी। उसकी शादी 25 नवंबर को तय थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अब उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तन्नु का शव शुक्रवार को रेवाड़ी लाए जाने की संभावना है। रेवाड़ी से रोहतक और फिर दिल्ली किया था रेफर हादसे के तुरंत बाद तन्नु को रेवाड़ी के अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसी दिन दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया। वहीं उसके पिता एवं पूर्व सैनिक सतबीर चौहान, माता मधु, छोटी बच्ची खुशी और पड़ोसी सीआरपीएफ जवान जयभगवान का भी इलाज चल रहा है। तन्नु की हालत शुरू से ही सबसे अधिक गंभीर बनी हुई थी। कपड़े प्रेस करते समय हुआ था धमाका जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पूर्व सैनिक सतबीर चौहान अपने पड़ोसी सीआरपीएफ जवान जयभगवान के साथ घर पर बैठे थे। घर में उनकी पत्नी मधु, बेटी तन्नु और छोटी बच्ची खुशी भी मौजूद थीं। तन्नु ने उस दिन ट्यूशन पढ़ाने के लिए बच्चों को बुलाया हुआ था। बच्चों के आने से पहले वह कमरे में कपड़े प्रेस कर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे की ओर दौड़े, लेकिन वे भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए थे, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 4 दिन बाद भी धमाके की वजह साफ नहीं घटना के बाद पुलिस ने पूरे मकान को सील कर दिया है और वहां 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है। फॉरेंसिक टीम और संबंधित एजेंसियां भी मामले की जांच कर चुकी हैं, लेकिन चार दिन बाद भी धमाके की वास्तविक वजह सामने नहीं आ सकी है। गैस सिलेंडर सुरक्षित, जांच रिपोर्ट का इंतजार धमाके के बाद घर में रखे तीन गैस सिलेंडर, फ्रिज और बाइक पूरी तरह सुरक्षित मिले, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पीएनजी गैस रिसाव को संभावित कारण माना है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। वहीं, आईजीएल (इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में परिवार और स्थानीय लोग भी धमाके के वास्तविक कारण सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles