Related Posts

मोहाली फिल्मों में काम के बहाने लड़कियां बेचने का मामला:पैसे लेकर रचाई तीन शादियां, मां को मारने की धमकी देकर सहेली की कराई शादी




फिल्मों में काम दिलाने के बहाने लड़कियों को बेचने के मामले में मोहाली पुलिस ने नए खुलासे किए हैं। अब इस मामले में खुद को पीड़ित बताने वाली अंजलि नाम की लड़की को भी पुलिस ने आरोपी बना लिया है। पुलिस ने अंजलि के खुलासे के बाद वर्षा नाम की लड़की की मां अंजू की शिकायत पर एक मुकदमा दर्ज किया था। इसमें जांच करते हुए पुलिस ने वर्षा को राजस्थान के झुंझुनू से रिकवर किया था। पता चला कि अंजलि ने ही उसकी शादी राजस्थान के झुंझुनू में करवाई थी। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह, 24 साल, निवासी गांव रत्ता खेड़ा, फिरोजपुर; जसविंदर सिंह उर्फ गिल, 35 साल, निवासी इंदिरा कॉलोनी, फिरोजपुर कैंट; और जसविंदर कौर, 25 साल, निवासी गांव रत्ता खेड़ा, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पैसों के लिए खुद ने की तीन शादियां जिस अंजलि नाम की लड़की ने मोहाली में इस मामले का खुलासा किया था, वह खुद इस रैकेट का हिस्सा थी। उसने पैसे लेने के लिए तीन शादियां की थीं। पहले दो जगहों से वह झांसा देकर भाग आई थी, लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश में वह फंस गई, जहां शादी की थी। उन लोगों ने उसे वापस नहीं निकलने दिया। इसके बाद उसके गिरोह ने लड़के पक्ष को पैसे देकर अंजलि को वहां से निकाला था। पुलिस ने अब उसे भी आरोपी बना लिया है। 3 पॉइंट में जानिए पुलिस जांच पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सुरजीत सिंह, जसविंदर और जसविंदर कौर ये तीनों राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ऐसे लोगों की तलाश करते थे, जिनकी उम्र ज्यादा होती थी, लेकिन शादी नहीं हुई थी। उन्हें शादी का झांसा देते थे और बिचौलिए के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की जाती थी। इस मामले में फरार चल रही मनदीप कौर और अंजलि ऐसी लड़कियों की तलाश करती थीं, जिन्हें काम की जरूरत होती थी। फिर उन्हें फिल्मों में भीड़ में दिखाने का काम देती थीं, जिसके लिए हर रोज के हिसाब से उन्हें पैसे दिए जाते थे। बाद में फिर उन्हें शादी के लिए मनाया जाता था। जब परिवार की तरफ से अपनी लड़की के बारे में पूछा जाता था तो यह गिरोह लड़की के परिवार से भी पैसे की मांग करता था और फिर लड़के पक्ष को झांसा देकर लड़की को वहां से वापस ले आते थे। इस प्रकार ये लोग दोनों तरफ से पैसे लेते थे। पीड़ित लड़की ने अदालत में दिया बयान मोहाली के फेज-8 की पुलिस जब वर्षा को राजस्थान के झुंझुनू से रिकवर करके लेकर आई तो पुलिस ने उसके बयान अदालत में दर्ज करवाए। बयान में वर्षा ने खुलासा किया कि अंजलि नाम की लड़की ने मनदीप कौर के साथ मिलकर उसकी शादी कराई थी। वह शादी के लिए राजी नहीं थी, तो उसकी मां को मारने की धमकी दी गई थी। उसने डरकर यह शादी की थी। महिला आयोग ले चुका है स्वत: संज्ञान जब यह मामला मीडिया में आया तो पंजाब महिला आयोग ने इसका स्वत: संज्ञान लिया था। उसने फेज-8 के थाना प्रभारी और मोहाली के डीएसपी सिटी-2 से इस मामले में जवाब तलब किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें