पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में छात्रों के लिए नए बॉयज हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को PEC परिसर में हॉस्टल की आधारशिला रखी। करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस हॉस्टल से छात्रों को आधुनिक और सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी। 309 छात्रों के रहने की होगी व्यवस्था नया हॉस्टल ग्राउंड फ्लोर के साथ 6 मंजिल (G+6) का होगा। इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 78,400 वर्गफुट रहेगा। इसमें 103 ट्रिपल-शेयरिंग कमरे बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 309 छात्र रह सकेंगे। हॉस्टल में छात्रों के अलावा प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक वार्डन रूम और दो गेस्ट रूम भी बनाए जाएंगे। परियोजना को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद शिलान्यास कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रशासन और PEC के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी (IAS), तकनीकी शिक्षा निदेशक पालिका अरोड़ा (PCS), PEC निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया और यूटी के मुख्य अभियंता सीबी ओझा शामिल रहे। दो हॉस्टल प्रोजेक्ट से 728 नई सीटें जुड़ेंगी PEC में इस समय दो नए हॉस्टल प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इनके पूरा होने के बाद संस्थान की हॉस्टल क्षमता में 728 छात्रों की बढ़ोतरी होगी। अभी PEC में 2,178 छात्रो की क्षमता है। दो नए हॉस्टल बनने के बाद कुल क्षमता 2,906 छात्रों की हो जाएगी। इससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को मिलेगी राहत मिलेगी।
Source link
