डेराबस्सी के गांव सुंडरा को हरिपुर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से हालात और भी खराब हो जाते हैं। कई स्थानों पर सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग, किसान और बुजुर्ग परेशान ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। दुपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा लगातार बना रहता है, जबकि पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। महिलाओं और बुजुर्गों को खेतों और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि इसी मार्ग से उन्हें खेतों तक पहुंचना पड़ता है और फसलों को मंडियों तक ले जाना होता है। सड़क की खराब हालत के कारण कई बार ट्रैक्टर-ट्रालियां और अन्य वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार अधिकारियों को दी शिकायत ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार सरकार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी सड़क से रोजाना पंजाब होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र के कर्मचारी और प्रशिक्षु भी गुजरते हैं, जिन्हें खराब सड़क के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टेंडर हुआ पास इस संबंध में गांव सुंडरा की सरपंच परमजीत कौर ने बताया कि सुंडरा-हरिपुर सड़क के निर्माण के लिए टेंडर पास हो चुका है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
Source link
मोहाली के सुंडरा-हरिपुर रोड बदहाल:गड्ढों और कीचड़ ने बढ़ाई मुश्किलें, कई बार अधिकारियों को दी शिकायत; स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग परेशान
