मोगा जिले के थाना फतेहगढ़ पंजतूर के अंतर्गत आते गांव मुंडीजमाल में जमीनी विवाद को लेकर हुई अंधाधुंध हवाई फायरिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने एक नामजद आरोपी और 5-6 अज्ञात हथियारबंद हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव और आसपास पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई। फिर से टकराव न हो इसको लेकर पुलिस नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे कर दिया जाएगा। जमीन के टुकड़े को लेकर आमने-सामने हुए दो गुट मामले की जांच कर रहे सहायक थाना प्रभारी (ASI) सुरिंदर कुमार ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को 28 मई को गांव मुंडीजमाल में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि जिला फिरोजपुर के गांव बघेलेवाला के निवासी रणजीत सिंह उर्फ पप्पी का अपने ही गांव के प्रगट सिंह, दीदार सिंह और उनके कुछ अन्य साथियों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते रणजीत सिंह उर्फ पप्पी अपने साथ 5-6 अज्ञात हथियारबंद लोगों को लेकर मुंडीजमाल गांव की विवादित जमीन पर पहुंचा था। वहां दोनों पक्षों में बहसबाजी हुई, जिसके बाद रणजीत सिंह पप्पी और उसके साथियों ने दूसरे पक्ष को डराने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में अंधाधुंध गोलियां दाग दीं। बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने समय रहते की कार्रवाई सहायक थाना प्रभारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि इस खूनी संघर्ष और हवाई फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस को खुफिया तंत्र से पुख्ता सूचना मिली थी कि दोनों पक्ष भारी हथियारों के साथ दोबारा इकट्ठा हो रहे हैं और किसी बड़ी वारदात या खूनी रंजिश को अंजाम दे सकते हैं। अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और कानूनन कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रणजीत सिंह उर्फ पप्पी और उसके 5-6 अज्ञात हथियारबंद साथियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया। “कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई सहायक थाना प्रभारी सुरिंदर कुमार का कहना है कि पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के लाइसेंस की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे वैध हैं या अवैध। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल, गांव मुंडीजमाल और आसपास के इलाके में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है ताकि दोबारा किसी टकराव की स्थिति को पैदा होने से रोका जा सके। पुलिस प्रशासन आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करता है। कानून-व्यवस्था को भंग करने या शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
मोगा में जमीन के विवाद में अंधाधुंध फायरिंग:फिरोजपुर के गांव के दो पक्षों में विवाद, 7 लोगों पर केस, फिर टकराव को लेकर पुलिस सतर्क
