अबोहर के इंद्रा नगरी क्षेत्र में नशाखोरी और नशा तस्करों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अर्धनग्न, घायल और लहूलुहान हालत में बाजार से गुजरता दिखाई दे रहा है। पीड़ित युवक ने क्षेत्र के ही कुछ कथित नशा तस्करों पर मारपीट करने और नशीले पदार्थ बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद इलाके में नशा तस्करी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है और लोग सहमे हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक ने बताया कि वह नशे का आदी है। कुछ दिन पहले उसने नशा खरीदने के लिए अपना कीपैड मोबाइल फोन इलाके के ही कुछ लोगों के पास मात्र 200 रुपये में गिरवी रखा था। जब वह अपना फोन वापस लेने गया, तो आरोपियों ने उससे अतिरिक्त 500 रुपये की मांग की। जब पैसे न होने की बात कही, तो आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे लहूलुहान हालत में ही बाजार में छोड़ दिया। थाने बुलाकर की गई काउंसलिंग, आरोपी घर छोड़कर फरार इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना नंबर-1 के अतिरिक्त प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि यह वायरल वीडियो 13 जून का है। पुलिस ने पीड़ित युवक और उसके पिता को थाने बुलाकर उनकी विशेष काउंसलिंग की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार को युवक का इलाज नशा मुक्ति केंद्र (De-addiction Centre) में करवाने की सलाह दी गई है, लेकिन परिजनों ने फिलहाल खुद ही उसे सुधारने की बात कही है। युवक ने जिन आरोपियों के नाम लिए हैं, वे पुलिस के डर से अपने घरों से फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। इलाके में फिर सिर उठाने लगे हैं नशा तस्कर: पार्षद पुनीत अरोड़ा इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए वार्ड नंबर-33 के पार्षद पुनीत अरोड़ा ने कहा कि कुछ समय पहले पुलिस की मुस्तैदी और सख्ती के कारण इंद्रा नगरी क्षेत्र में नशा तस्करी पर पूरी तरह से लगाम लग गई थी। लेकिन अब कुछ नए चेहरे इस अवैध कारोबार में दोबारा सक्रिय होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी मनिंदर सिंह के छुट्टी से लौटते ही पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की जाएगी और इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ा और विशेष सर्च अभियान चलाने की मांग उठाई जाएगी। समाजसेवी गगन की भावुक अपील: “नशा छोड़ो, नई जिंदगी शुरू करो” घटना के बाद समाजसेवी गगन ने थाना परिसर में नशा जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाए और समाज से आगे आने की अपील की। गगन ने कहा, “नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की नहीं है। यह पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि कोई भी युवा नशा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहता है और नई जिंदगी शुरू करना चाहता है, तो मैं उसकी इलाज से लेकर हर संभव सहायता करने के लिए तैयार हूं।”
Source link
