गुरुग्राम जिले में मानेसर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पर फर्रुखनगर के गांव भांगरौला में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला किया गया। इस हमले में बीच-बचाव कर रहा एक होमगार्ड घायल हो गया। घटना के बाद खेड़की दौला थाने में सात नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे हुई, जब निगम की टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत की मौजूदगी में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान सेवाराम, बिल्लू, ईश्वर, सौरव, गौरव, दीपक समेत अन्य लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने के बावजूद विवाद बढ़ गया। कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने निगम कर्मियों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। इसके बाद धारदार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में एक होमगार्ड को चोटें आईं, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। नगर निगम अधिकारियों की शिकायत पर खेड़की दौला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा- आयुक्त नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और निगम क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आयुक्त ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण स्वयं हटा लें और किसी भी नए निर्माण से पहले नगर निगम से स्वीकृत भवन नक्शा अवश्य प्राप्त करें। बिना अनुमति किए गए निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मानेसर नगर निगम टीम पर हमला, होमगार्ड घायल:अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, धक्का-मुक्की और अभद्रता की, 7 लोगों के खिलाफ FIR
