![]()
महेंद्रगढ़ पुलिस ने खेतों से बिजली की केबल चोरी करने वाले एक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीरेंद्र निवासी जसरापुर, झुंझुनूं (राजस्थान) को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की 280 फीट केबल और 3.150 किलोग्राम तांबा बरामद किया है। यह कार्रवाई गांव जांट निवासी सजन सिंह की शिकायत पर की गई। सजन सिंह ने 9 जून को थाना सदर महेंद्रगढ़ में बताया था कि उसके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 90 फुट बिजली की केबल चोरी हो गई है। जांच के दौरान पता चला कि आसपास के चार अन्य किसानों अनिल, राजबीर, रणजीत और भवानी सिंह के ट्यूबवेलों से भी केबल चोरी हुई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया। केबल कटर लेकर ट्रेन से आया था महेंद्रगढ़ पुलिस पूछताछ में आरोपी वीरेंद्र ने बताया कि वह काफी समय पहले महेंद्रगढ़ आया था। उसने देखा कि यहां के खेतों में बड़ी संख्या में ट्यूबवेल लगे हैं, जिनमें महंगी कॉपर (तांबा) केबल का इस्तेमाल होता है। वह अपने घर से केबल कटर लेकर ट्रेन से महेंद्रगढ़ पहुंचा था। दिन में करता था रेकी, रात में चोरी आरोपी दिन के समय खेतों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में जेरपुर, मांडोला, पाली, धोली, झाखड़ी, जाट और भूरजट जैसे कई गांवों के खेतों से केबल काट लेता था। चोरी की गई केबल को वह अपने गांव ले जाकर जलाता था, उसमें से तांबा निकालकर कबाड़ियों को बेच देता था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच ट्यूबवेलों से चोरी की गई 280 फीट केबल और 3.150 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया एक केबल कटर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। महेंद्रगढ़ पुलिस आरोपी से अन्य संभावित चोरियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की पहचान के लिए गहनता से पूछताछ कर रही है।
Source link
महेंद्रगढ़ पुलिस ने केबल चोर को किया अरेस्ट:राजस्थान से आता था चोरी करने, 280 फुट केबल और 3 किलो तांबा बरामद







