रोहतक जिले के महम में एसडीएम विपिन कुमार ने नगर पालिका सचिव को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम से पहले क्षेत्र के सभी प्रमुख और छोटे-बड़े नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरी की जाए। इसका उद्देश्य जलभराव की स्थिति को रोकना और आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाना है। एसडीएम ने जोर दिया कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी गाद, कचरा या अन्य अवरोध हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। उन्होंने सफाई कार्य की लगातार निगरानी करने और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के भी निर्देश दिए। जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान एसडीएम ने कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तत्परता के साथ काम करने तथा संभावित जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा। यदि जल निकासी में कोई समस्या आती है, तो उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम की आमजन से अपील एसडीएम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों में कूड़ा-कचरा या अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
Source link
