![]()
बेतिया नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को उन्होंने पीपरा स्थित कचरा डंपिंग स्थल का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राष्ट्रीय उच्च पथ 727 के आसपास फैल रही दुर्गंध और प्रदूषण की शिकायतों के बाद किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि डंपिंग स्थल पर कचरे का समुचित और सुरक्षित निष्पादन नहीं हो रहा था, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से प्रतिदिन एकत्रित कचरे को निर्धारित घेरे के भीतर ही रखा जाए और इसे आम लोगों के आवागमन से दूर सुरक्षित ढंग से निष्पादित किया जाए। महापौर ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों को तलब किया निरीक्षण के समय नगर निगम के दोनों स्वच्छता प्रबंधक, अर्पित कुमार और अशफाक अहमद, मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों को तलब किया। बाद में दोनों अधिकारियों ने विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच पाने की जानकारी दी। महापौर ने मौके पर मौजूद स्वच्छता प्रभारी मोहम्मद तबरेज आलम और जुलुम साह को डंपिंग स्थल की नियमित निगरानी करने और कचरे के सुरक्षित रख-रखाव की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने स्पष्ट किया कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों को हो रही परेशानी की शिकायत सही पाई गई महापौर ने बताया कि एनएच 727 तक कचरा फैलने और दुर्गंध से आम लोगों को हो रही परेशानी की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर नगर निगम के दो जेसीबी, एक पोकलेन और तीन हाईवा की सहायता से कचरे का तत्काल निस्तारण कराया। उन्होंने दोहराया कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Source link
बेतिया में मेयर ने एब्सेंट ऑफिसर्स को तलब किया:वेस्ट मैनेजमेंट में लापरवाही पर डंपिंग साईट का इंस्पेक्शन







