Related Posts

बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर अव्यवस्थाओं का खुलासा:पलवल में सीएम फ्लाइंग ने पकड़ीं खामियां, कई स्थानों पर नहीं मिले सफाई कर्मचारी




पलवल जिले में सीएम फ्लाइंग टीम को बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सुविधाओं में बड़ी अनियमितताएं मिली हैं। सूचना के आधार पर फरीदाबाद की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परिक्रमा मार्ग का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां सामने आईं। सीएम फ्लाइंग टीम फरीदाबाद के डीएसपी विवेक चौधरी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस टीम में ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी विभाग पलवल के एसडीओ सिद्धार्थ सिंह और जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता और एसडीओ शामिल थे। टीम ने पलवल जिले के डाड़का गांव से हसनपुर क्षेत्र तक जाने वाले बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का गहनता से निरीक्षण किया। मौके पर ठेकेदार का कोई कर्मचारी नहीं मिला सरकार द्वारा इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-टेंडर के माध्यम से पीने के पानी के टैंकर और पोर्टेबल शौचालय की व्यवस्था की गई है। भौतिक सत्यापन के दौरान टीम को कुछ स्थानों पर पानी के टैंकर तो खड़े मिले, लेकिन विभाग के पास उनका कोई निर्धारित स्थान नहीं था। टैंकरों पर यह दर्शाने वाला कोई बोर्ड या चिह्न नहीं था कि यह सरकार द्वारा निशुल्क सुविधा है। मौके पर ठेकेदार का कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ये टैंकर टेंडर के तहत ही लगाए गए हैं या नहीं। जन स्वास्थ्य विभाग से पूरा रिकॉर्ड तलब किया परिक्रमा मार्ग में रखे गए पोर्टेबल शौचालयों के पास कोई भी सफाई कर्मचारी तैनात नहीं मिला। कई स्थानों पर इन शौचालयों में भारी गंदगी पाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिन स्थानों पर पानी के टैंकर और पोर्टेबल शौचालय होने का दावा किया है, अब उसका मिलान मूल टेंडर में दिए गए निर्धारित स्थानों से किया जाएगा। सीएम फ्लाइंग टीम के अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में जन स्वास्थ्य विभाग से पूरा रिकॉर्ड तलब किया गया है। टेंडर के नियमों और शर्तों के उल्लंघन की गहनता से जांच कर एक विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी, जिसके बाद संबंधित ठेकेदार और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें