spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

बरवाला में फूंका सीएम नायब सैनी का पुतला:निर्माण मजदूरों की महापंचायत, 11 माह से बंद पोर्टल खोलने, रजिस्ट्रेशन बहाल करने की मांग




संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर शनिवार को बरवाला के डीगड़ा पार्क में निर्माण मजदूरों की एक विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में प्रदेश सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया गया। इसके बाद मजदूरों ने शहर में शवयात्रा निकालते हुए रेलवे रोड पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और श्रम मंत्री अनिल विज का पुतला दहन किया। महापंचायत की अध्यक्षता इंटक ब्लॉक अध्यक्ष मीना खेदड़ एवं सीटू ब्लॉक अध्यक्ष कॉमरेड रामफल ने की, जबकि मंच संचालन जोरा सिंह पाबड़ा और राजू कॉमरेड ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे निर्माण मजदूरों ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 11 महीने से बंद पड़ा है पोर्टल सभा को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि पिछले 11 माह से निर्माण मजदूरों का पोर्टल बंद पड़ा है, जिससे लाखों श्रमिक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित हो गए हैं। उन्होंने मांग की कि बंद पोर्टल को तुरंत चालू किया जाए, रद्द किए गए पंजीकरण बहाल किए जाएं, मनरेगा का पुराना स्वरूप लागू किया जाए तथा आवास योजना, छात्रवृत्ति और बीपीएल कार्ड जैसी सुविधाओं को पुनः शुरू किया जाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने भ्रष्टाचार के नाम पर प्रदेश के करीब छह लाख निर्माण मजदूरों के पंजीकरण रद्द कर दिए हैं, जिसके कारण श्रमिक कल्याण बोर्ड में जमा हजारों करोड़ रुपये होने के बावजूद मजदूरों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कहा कि जिन मजदूरों का पंजीकरण विभागीय जांच और सत्यापन के बाद किया गया था, उन्हें भी फर्जी बताकर सूची से बाहर कर दिया गया है। श्रमिक नेता बोले- समस्याओं के समाधान में विफल रही सरकार संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा के नेताओं ने कहा कि सरकार मजदूरों, गरीबों और दलित वर्ग की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा को कमजोर किया जा रहा है, आवास योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा, बच्चों की छात्रवृत्तियां बंद की जा रही हैं और विभिन्न कारणों से राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, जिससे गरीब वर्ग परेशान है। मोर्चा के प्रदेश महासचिव कृष्ण कुमार नैन ने कहा कि यदि सरकार ने मजदूरों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा की ओर से 17 जून को सिवानी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का विरोध करते हुए काले झंडे दिखाने का निर्णय लिया गया है। महापंचायत में यह लोग रहे शामिल महापंचायत में भवन निर्माण कामगार सीटू के राज्य अध्यक्ष मनोज सोनी, धर्मवीर कुलेरी, अनूप सारंगपुर, केसर गहलोत, चतर सिंह, प्रवीण, कश्मीर कॉमरेड, शिवम पाबड़ा, संतोष, मुकेश, शमशेर बरवाला, सुमन, कमलेश, भतेरी, माया, ओमी सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles