![]()
गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में श्री शिव महापुराण कथा का शनिवार को मंगल कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। विद्यार्थी सेवा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित इस कथा में 251 सुहागिन महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। यह कलश यात्रा गायत्री मंदिर, वार्ड नंबर-13 से प्रारंभ होकर सैनी मोहल्ला और काला महादेव मंदिर से होते हुए मुख्य बाजार से नई रामलीला मैदान स्थित कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे धार्मिक वातावरण निर्मित हुआ। श्री शिवमहापुराण के महत्व पर डाला प्रकाश नई रामलीला मैदान पहुंचने पर कथाव्यास पंडित देवेश कृष्ण जी महाराज ने श्री शिव महापुराण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान शिव की महिमा और शिव महापुराण के धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहलुओं का वर्णन किया। महाराज ने बताया कि शिव महापुराण का श्रवण भक्ति, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह कथा 8 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक नई रामलीला मैदान, फर्रुखनगर में आयोजित की जाएगी। गुरुदेव स्वामी सुशील गिरि सच्चिदानंद जी महाराज के सान्निध्य में कथा का मार्गदर्शन किया जा रहा है। कथा का समापन 18 अगस्त को हवन-पूजन और प्रसाद वितरण के साथ होगा। पार्षद नीलम और उनके पति बने मुख्य यजमान मुख्य यजमान मुकेश सोनी और उनकी धर्मपत्नी नीलम सोनी (पार्षद) ने बताया कि इस कथा का आयोजन विद्यार्थी सेवा तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कथा में शामिल होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने का आग्रह किया। इस अवसर पर मुकेश सोनी, राजेश गर्ग, मदन सैनी, हेमराज यादव, रेनू गर्ग, गीता सैनी, अनुपम ज्योति, अंजू यादव खैंटावास और सुधीर यादव खैंटावास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Source link







