फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के साथ पाइपलाइन बिछाने के कार्य के चलते रैनी वेल जल आपूर्ति लाइन नंबर-1 को अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इस दौरान शहर के कई सेक्टरों और कॉलोनियों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जानकारी के अनुसार, सेक्टर 64-65 डिवाइडिंग रोड मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास 600 मिमी. व्यास की डीआई पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत संबंधित एजेंसी को मौजूदा जल आपूर्ति लाइन से कनेक्शन जोड़ने का कार्य करना है। इस कार्य को पूरा करने के लिए एजेंसी ने जल आपूर्ति को लगभग डेढ़ दिन तक बंद रखने का अनुरोध किया था। इन सेक्टरों में नहीं होगी पानी की आपूर्ति निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे से 25 अप्रैल 2026 को रात 9 बजे तक, कुल 36 घंटे के लिए रैनी वेल जल आपूर्ति लाइन नंबर-1 बंद रहेगी। इस दौरान कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जल आपूर्ति बंद रहने के कारण सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-25, सेक्टर-55, सेक्टर-58, गौंछी, शहीद पार्क, जेसीबी चौक, पंचायत भवन, जैन कॉलोनी, भीम बाग, सुभाष कॉलोनी, उंचागांव, मिल्क प्लांट और प्रेम नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। कनेक्शन कार्य के चलते बंद करनी पड़ रही जल आपूर्ति : जेई फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के जेई इंचार्ज जल आपूर्ति परवीन सिंह ने बताया कि नई पाइपलाइन डालने और कनेक्शन कार्य को पूरा करने के लिए जल आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होते ही जल आपूर्ति को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों के सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि से पहले आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह कर लें, ताकि जल आपूर्ति बंद रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही लोगों से सहयोग बनाए रखने की भी अपील की गई है, ताकि पाइपलाइन से जुड़ा यह कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
Source link
फरीदाबाद में 36 घंटे बंद रहेगी जल आपूर्ति:कल सुबह से नहीं आएगा पानी, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे कार्य से कई क्षेत्र प्रभावित
