फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। देर रात एक चोर मंदिर में घुसकर हनुमान जी की प्रतिमा के ऊपर लगा करीब 6 किलो वजन का चांदी का छत्र और करीब 2 किलों का चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर के पुजारी ऋषि ने बताया कि सोमवार और मंगलवार की दरमियान रात करीब 2:30 बजे एक व्यक्ति मंदिर के हवन कुंड की तरफ बने छोटे गेट से अंदर आया। कपड़े से ढक रखा था मुंह सीसीटीवी फुटेज में वह सीधे हनुमान जी की प्रतिमा के पास जाता हुआ दिखाई देता है। इसके बाद उसने प्रतिमा के ऊपर लगा करीब 6 किलो चांदी का छत्र और चांदी का मुकुट उतार लिया और फरार हो गया। आरोपी ने अपना चेहरा गमछे से ढका हुआ था, जिस कारण उसकी पहचान साफ नहीं हो सकी। पुजारी ने बताया कि चोरी हुए चांदी के छत्र और मुकुट की कीमत लाखों रुपए है। उनका कहना है कि इस वारदात को किसी ऐसे व्यक्ति ने अंजाम दिया है जिसे मंदिर की पूरी जानकारी थी। सुबह कपाट खुलने पर हुआ चोरी का खुलासा उनका मानना है कि किसी अनजान व्यक्ति के लिए मंदिर के अंदर का रास्ता और मूर्तियों तक पहुंचने का तरीका जानना आसान नहीं है। चोर हवन कुंड की तरफ बने छोटे गेट से अंदर घुसा और सीधे उसी स्थान पर पहुंचा जहां से उसने चोरी की। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5 बजे जब मंदिर के कपाट खोले गए और पुजारी पूजा के लिए अंदर पहुंचे तो देखा कि हनुमान जी की प्रतिमा के ऊपर लगा चांदी का छत्र और मुकुट गायब था। इसके बाद मंदिर के प्रधान को सूचना दी गई और पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने किया मौका-मुआयना सूचना मिलते ही सेक्टर-8 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-8 चौकी इंचार्ज बिट्टू सिंह ने बताया कि हनुमान मंदिर में चोरी की घटना की शिकायत मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और मंदिर के प्रधान की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
