![]()
फतेहाबाद जिले में बारिश और बादलवाही ने गर्मी से कुछ राहत प्रदान की है। मगर भूना शहर में मानसून की पहली बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई और उसके बाद सड़क की ठीक तरीके से मरम्मत नहीं होने के कारण गुरुवार को कई वाहन कीचड़ और धंसी हुई मिट्टी में फंस गए। कई ट्राले सड़क पर धंस गए, जबकि सीमेंट से भरा एक ट्राला पलट गया। ट्राला ड्राइवर को मामूली चोटें आई है। इसके चलते सिरसा-चंडीगढ़ मेन रोड पर जाम जैसे हालात बन गए। बाद में क्रेन मंगवा कर पलटे ट्राले को उठाया गया। जिससे रास्ता खुल पाया। वहीं, मेन रोड पर पानी भी भर गया है। जानकारी के अनुसार, शहर में पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को कई स्थानों पर खोदा गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क को अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। मानसून की पहली बारिश होते ही सड़क की मिट्टी धंस गई और रास्ता दलदल में तब्दील हो गया। भारी वाहनों के गुजरते ही सड़क बैठने लगी, जिससे एक-एक कर कई ट्राले उसमें फंस गए। डीसी लगातार दौरे कर रहे, फिर भी ऐसे हालात नगरपालिका भूना के वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी ने कहा कि डीसी डॉ.विवेक भारती ने 15 जून तक का समय दिया था। मगर अधिकारियों की लापरवाही है। अधिकारियों से काम पूरा नहीं हुआ। न नगरपालिका और न ही पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। शहर को बचाने वाली पाइप लाइन तो अभी तक डाली ही नहीं है। बागड़ी ने आरोप लगाया कि अधिकारी डीसी को भी गुमराह कर रहे हैं। पब्लिक हेल्थ का सारा सिस्टम फेल है। पाइप लाइन इस समय की बजाय पहले ही डालनी चाहिए थी। नगरपालिका के तो सारे अधिकारी सस्पेंड किए जाने चाहिए। भूना के लगातार दौरे कर रहे डीसी बागड़ी ने कहा कि डीसी डॉ.विवेक भारती लगातार भूना के दौरे कर रहे हैं। एक दिन पहले ही डीसी भूना पहुंचे थे। उनसे पहले एडीसी अनुराग ढालिया भी आए थे। मगर लोकल अधिकारी उनको मिसगाइड कर रहे हैं। अधिकारियों को पता है कि दो बार भूना में भारी जलभराव हो चुका है। मगर समय रहते कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं।
Source link
फतेहाबाद में मानसून की पहली बारिश बनी आफत:सड़क पर धंसे ट्राले, सीमेंट से भरा ट्राला पलटा; सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर जाम







