फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम ने नए बस अड्डे के पास पंजाब के एक तस्कर को भारी मात्रा में डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलो 120 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ है। आरोपी डोडापोस्त पंजाब लेकर जाना चाह रहा था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के गांव जोधपुर रोमाना निवासी सोनी सिंह के रूप में हुई है। बस के इंतजार में खड़ा था आरोपी जानकारी देते हुए सीआईए फतेहाबाद प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीम मताना मोड़ पर गश्त के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोनी सिंह डोडा पोस्त की बड़ी खेप लेकर नए बस अड्डे के पास बस के इंतजार में खड़ा है और इसे पंजाब ले जाने की फिराक में है। सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस टीम ने तुरंत बस अड्डे के बाहर बने चाय के खोखे के पास दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। नियमानुसार उसकी तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद सफेद प्लास्टिक कट्टे से 10 किलो 120 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज मामले में आरोपी के खिलाफ सिटी थाना फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15बी, 61, 85 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह डोडापोस्त कहां से लेकर आया ताकि पूरे नेटवर्क को पकड़ा जा सके।
Source link
