जिले के गांव खाराखेड़ी के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में आरोपी निलंबित सरपंच संजय खिलेरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब तक इस मामले में चार आरोपी पकड़ चुकी है। इससे पहले आरोपी विनोद गोदारा, उसके भाई विक्रम गोदारा और उसके चचेरे भाई जिले सिंह उर्फ सेठी को पकड़ा जा चुका है। पहले पकड़े गए तीनों आरोपियों के चार दिन का रिमांड शनिवार को खत्म हुआ। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद तीनों को सिविल अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाया गया। इसके बाद दोबारा से कोर्ट में पेश किया गया। रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक 12 बोर बंदूक, एक देशी पिस्तौल तथा 12 बोर के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। निलंबित सरपंच की क्रेटा कार भी बरामद सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई है। बता दें कि 4 जुलाई को गांव खाराखेड़ी स्थित रंगला पंजाब तड़का ढाबा के पास पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने कई राउंड फायर किए थे। इनमें से एक गोली राजेंद्र के गले में लगी जबकि 40 छर्रे छाती, सिर, मुंह पर लगे। इस कारण पूर्व सरपंच की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भतीजे सौरव के बयान पर 5 जुलाई को बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 103(1), 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया था।
Source link
पूर्व-सरपंच हत्याकांड में निलंबित सरपंच गिरफ्तार:अब तक चार आरोपी पकड़ चुकी फतेहाबाद पुलिस; वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद
