![]()
पानीपत में थाना मॉडल टाउन पुलिस ने गांव बिंझौल में रंजिश के चलते अपने ही बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी छोटे भाई प्रवीन को बुधवार देर शाम गोहाना रोड फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया जा सके और फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता पिता की गिरफ्तारी हो सके। थाना मॉडल टाउन प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रवीन ने अपने पिता रणबीर सिंह के साथ मिलकर अपने बड़े भाई रविंद्र की चाकू मारकर हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी प्रवीन ने खुलासा किया कि उसके और उसके भाई रविंद्र के बीच काफी समय से मनमुटाव व रंजिश चल रही थी। 17 जुलाई को जब पिता रणबीर और रविंद्र के बीच कहासुनी हुई, तो पुरानी रंजिश के तहत उसने पिता के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी। बीच-बचाव में आए ग्रामीण को मारा चाकू थाना मॉडल टाउन की आठ मरला चौकी में दर्ज मामले के अनुसार, गांव बिंझौल निवासी अन्नु ने शिकायत दर्ज कराई थी। अन्नु ने बताया कि 17 जुलाई को उसके ससुर रणबीर सिंह अपने दूसरे बेटे दिवाकर व उसकी पत्नी पूनम से झगड़ रहे थे। झगड़े की आवाज सुनकर जब वह और उसके पति रविंद्र उन्हें समझाने गए, तो ससुर रणबीर गली में आकर उनके साथ भी हाथापाई करने लगा। इसी बीच देवर प्रवीन और ससुर रणबीर ने रविंद्र को घेर लिया। ससुर रणबीर ने रविंद्र को कसकर पकड़ लिया और देवर प्रवीन ने जेब से तेजधार चाकू निकालकर सीधे रविंद्र के पेट में घोंप दिया। इस दौरान जब बीच-बचाव करने पड़ोसी राजसिंह आगे आए, तो आरोपियों ने उनकी पीठ/कमर में भी चाकू मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान तोड़ा था दम चाकू के वार से रविंद्र मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने गंभीर हालत में रविंद्र और राजसिंह को पहले सिविल अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान घाव गहरे होने के कारण रविंद्र की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी थी।
Source link







