राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पंजाब और हरियाणा में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े तीन आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क केसों के सिलसिले में की गई है। एनआईए की टीमों ने दोनों राज्यों के 9 जिलों में स्थित 18 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। केस से जुड़ी कई तरह की प्रासंगिक जानकारी जुटाने के लिए लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान एनआईए ने कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। तीनों ही मामलों में विभिन्न संचार नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन के पुख्ता सबूत भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं। NIA ने खुद दी जानकारी… फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए सबूत तलाशी के दौरान एकत्र की गई सभी जानकारी और सबूतों को गहन जांच के साथ-साथ फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले में सीमा पार की बड़ी साजिश का खुलासा हो सकता है। NIA के मुताबिक, सीमा पार से गैंगस्टर से आतंकवादी बने भट्टी द्वारा संचालित नेटवर्क के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से एनआईए द्वारा की जा रही जांच के तहत कुछ व्यक्तियों को आगे की पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। छापेमारी में भट्टी के सहयोगियों और तीनों मामलों से संबंधित आतंकी साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने पर केंद्रित थी।
Source link
