पलवल जिले में हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के तहत हैप्पी कार्ड वितरण शुरू हो गया है। हरियाणा रोडवेज पलवल डिपो द्वारा यह प्रक्रिया शुरू की गई है। रोडवेज महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि जिन पात्र लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड योजना से संबंधित मैसेज मिला है, वे अपने कार्ड पलवल बस स्टैंड से प्राप्त कर सकते हैं। हरियाणा सरकार द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा प्रदान करना है। इसके तहत पात्र परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में एक वर्ष में एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलती है। पूरे प्रदेश में मिलेगी 84 लाख लोगों को सुविधा योजना के लिए वे परिवार पात्र हैं जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपए या उससे कम है। लाभार्थियों को एक स्मार्ट कार्ड (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) जारी किया जाता है, जिसे उपयोग से पहले सक्रिय करना आवश्यक है। प्रदेश में लगभग 22.89 लाख परिवारों, यानी करीब 84 लाख लोगों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य है। महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि योजना में आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र (1 लाख रुपए से कम) और मोबाइल नंबर आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह योजना अंत्योदय परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और समय पर अपने हैप्पी कार्ड प्राप्त कर परिवहन सुविधा का लाभ लें।
Source link
पलवल में हैप्पी कार्ड वितरण शुरू:रोडवेज बस स्टैंड से किए जा सकते हैं प्राप्त, प्रदेश में 22.89 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
