हरियाणा में नारनौल के निजामपुर थाना क्षेत्र में हरियाणा रोडवेज बस से गिरकर महिला के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद रोडवेज बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला एसपी के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता गांव मौखुता निवासी भजनलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर 2025 को उसकी पत्नी मंजू देवी गांव मौखुता से निजामपुर जाने के लिए हरियाणा रोडवेज की बस में सवार हुई थी। जब बस निजामपुर के देवीबाल चौक स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंची तो कंडक्टर ने निजामपुर उतरने वाली सवारियों को खड़े होने और खिड़की के पास आने के लिए कहा। अचानक ब्रेक लगाने से नीचे गिरी महिला आरोप है कि जब मंजू देवी खिड़की के पास खड़ी थी, तभी बस चालक ने तेज गति और लापरवाही से अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे वह संतुलन खो बैठी और खिड़की से नीचे गिर गई। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से हो गई थी घायल घटना के बाद बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घायल महिला को पहले नागरिक अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में अस्पताल में एमएलआर भी तैयार की गई थी। जयपुर में चला इलाज परिजनों के अनुसार महिला को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में जयपुर स्थित निम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां वह लगभग छह से सात दिन तक भर्ती रही। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उपचार के दौरान पुलिस ने महिला के हस्ताक्षर लिए, लेकिन उस समय उसकी हालत ठीक नहीं थी और उसे इस प्रक्रिया की जानकारी भी नहीं थी। एसपी को शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला भजनलाल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 25 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ को शिकायत देकर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त शिकायत की जांच के बाद निजामपुर थाना पुलिस ने बीते कल मामला दर्ज किया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 125ए और 281 के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
Source link
