हरियाणा में मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार रात कुछ स्थानों पर हुई झमाझम बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट आई है, वहीं शनिवार को दिनभर धूप खिलने से दिन के पारे में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 0.8°C की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बारिश के असर के कारण यह अभी भी सामान्य से 4.9°C नीचे बना हुआ है। दिन में भी नारनौल 38.0°C के साथ सबसे गर्म रहा, लेकिन ज्यादातर जिलों में पारा 33 से 35 डिग्री के बीच रहने से बड़ी राहत है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, आज (रविवार को) मौसम सामान्य रहेगा। हीटवेव के आसार अभी नहीं है। आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में 25 प्रतिशत तक बारिश के चांस हैं। 17 जून तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम : एचएयू हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 17 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वातावरण में पहले से मौजूद नमी की वजह से बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई छा सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं केवल छिटपुट बूंदाबांदी की ही संभावना है। बड़े स्तर पर या भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। मानसून से पहले 61% ज्यादा बरसे बदरा हरियाणा में प्री-मानसून के दौरान सामान्य (14.2 mm) के मुकाबले 61 फीसदी अधिक यानी 22.9 mm बारिश हो चुकी है। इस झमाझम बरसात से खरीफ फसलों को संजीवनी मिली है, जिससे खेतों में बिजाई का काम अब तेजी पकड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश के इस दौर के बाद अब दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Source link
