पलवल के हरी नगर में एक युवक पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला किया गया है। आरोप है कि शराब पी रहे कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर युवक के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया। इस मामले में कैंप थाना पुलिस ने 3 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, हरी नगर निवासी खेमचंद ने शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि उनका बेटा अमित शाम के समय घर के पीछे वाली दुकान पर सामान लेने जा रहा था। रास्ते में पहले से शराब पीकर बैठे 3-4 लड़कों ने अमित को अपने पास बुलाया और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। हथौड़ों और लोहे की रॉड से किया हमला जब अमित ने इसका विरोध किया, तो उनमें से 3 युवकों ने उस पर हथौड़ों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रॉड लगने से अमित के हाथ की उंगली टूट गई, जबकि उसके हाथ और पैरों पर हथौड़ों से गंभीर चोटें आईं। आरोपियों की पहचान हरी नगर निवासी विष्णु उर्फ गल्लन, लोहगढ़ निवासी कुलदीप उर्फ चांद और अमित उर्फ बकरा के रूप में हुई है। खेमचंद ने पुलिस को बताया कि अमित उर्फ बकरा की उनके बेटे से पुरानी रंजिश है। 6 महीने पहले भी की थी मारपीट करीब 6 महीने पहले भी अमित उर्फ बकरा ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी, लेकिन तब गांव की पंचायत में दोनों पक्षों का समझौता करा दिया गया था। ताजा वारदात के बाद आरोपी ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है, जिससे पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
पलवल में शराबियों ने युवक पर किया हमला:हथौड़े-रॉड से किए वार, 6 महीने पहले भी की थी मारपीट
