![]()
पलवल जिले के भुलवाना गांव से 23 वर्षीय नरेश कुमार रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। उसका सामान, जिसमें कपड़े, बैग, कागजात और बाइक शामिल हैं, नहर के किनारे से बरामद हुआ है। परिजनों ने नरेश के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हसनपुर थाना प्रभारी हरी ओम के अनुसार, नरेश 11 जुलाई को अपनी बाइक से गुरुग्राम जाने के लिए घर से निकला था। उसी दिन उसके पड़ोसी महेश कुमार को उसके साले का फोन आया, जिसने बताया कि नरेश के कागजात, बाइक और बैग बांसवा गांव के पास नहर के पुल के नजदीक मिले हैं। पिता ने जताई अपहरण की आशंका सूचना मिलते ही नरेश के पिता जगदीश और अन्य परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद सामान और बाइक की पहचान नरेश की संपत्ति के रूप में की। परिजनों ने नहर के आसपास और लगभग 4-5 किलोमीटर के दायरे में नरेश की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। नरेश के पिता जगदीश ने पुलिस को दी शिकायत में बेटे के अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने इसके पीछे 2 मुख्य कारण बताए हैं। पहला, नरेश एक अच्छा तैराक है, जिससे डूबने की संभावना कम है, और दूसरा, घर में किसी भी प्रकार का कोई पारिवारिक कलेश या विवाद भी नहीं था। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नरेश को जल्द से जल्द ढूंढ निकाला जाएगा और इसके लिए टीम जुटी हुई है।
Source link
पलवल में युवक लापता, नहर किनारे मिला सामान:परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका, घर से गुरुग्राम के लिए निकला था







