![]()
पलवल के किरंज टोल प्लाजा पर बाउंसरों द्वारा एक इंजीनियर से मारपीट का मामला सामने आया है। फरीदाबाद निवासी इंजीनियर ने बाउंसरों पर अपनी गाड़ी तोड़ने और 20 हजार रुपए लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार, फरीदाबाद सेक्टर-11 निवासी कनव मित्तल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से इंजीनियर हैं। 24 जून को वह अपनी कार से किरंज टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। एक बाउंसर ने गाड़ी पर मारा डंडा टोल पार करने के बाद, वहां मौजूद एक बाउंसर ने उनकी चलती गाड़ी पर डंडा दे मारा, जिससे कार का साइड मिरर टूट गया और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जब कनव मित्तल ने कार रोककर बाउंसर से डंडा मारने का कारण पूछा, तो कई अन्य बाउंसर वहां जमा हो गए। आरोपियों ने पीड़ित को गाड़ी से बाहर खींच लिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान बाउंसरों ने उनकी जेब से जबरन 20 हजार रुपए भी लूट लिए। घटना के बाद पीड़ित ने पलवल के सरकारी अस्पताल में अपना इलाज कराया। घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा, केस दर्ज बाउंसरों ने कनव मित्तल को धमकी दी कि यदि उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या पुलिस से शिकायत की, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने अपनी शिकायत के साथ टोल पेमेंट की रसीद, गाड़ी के नुकसान की तस्वीरें और घटना का एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे मिंडकोला पुलिस चौकी के एएसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने किरंज टोल प्लाजा पर पहुंचकर गहनता से जांच की। पुलिस ने टोल प्लाजा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें इंजीनियर के साथ हुई मारपीट की पूरी घटना सच पाई गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।
Source link
पलवल में बाउंसरों ने इंजीनियर से की मारपीट:टोल प्लाजा पर रोका, गाड़ी तोड़ने, 20 हजार लूटने का लगाया, फरीदाबाद का रहने वाला







