Related Posts

पठानकोट सीवरेज बोर्ड कर्मचारियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज:सीवरेज बोर्ड ने खोदी थी सड़क, गिरा बिजली का पोल, तारों की चपेट में झुलसे साइकिल सवार की मौत, लोग बोले हादसा नहीं हत्या




सुजानपुर में पाइपलाइन बिछाने के दौरान बरती गई लापरवाही से व्यक्ति की मौत मामले में पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। सीवरेज बोर्ड द्वारा खोदी गई सड़क के कारण बिजली का पोल गिरने और उसकी चपेट में आने से हुई 65 वर्षीय मजदूर प्यारे लाल की मौत के मामले में थाना सुजानपुर पुलिस ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक प्यारे लाल की बेटी शिवानी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने सीवरेज बोर्ड के उन कर्मचारियों और उत्तरदायी व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया है जिनकी देखरेख में यह काम चल रहा था। बीते कल हुआ था हादसा
बता दें, सीवरेज बोर्ड द्वारा सुजानपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए एक निजी ठेकेदार के माध्यम से जेसीबी से खुदाई का काम करवाया जा रहा था। इस खुदाई के दौरान 11 केवी बिजली के पोल की नींव कमजोर हो गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे, जब जम्मू कलियारी निवासी प्यारे लाल अपनी साइकिल से वहां से गुजर रहे थे, तो वे इन हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आ गए। 11 केवी के करंट से बुरी तरह झुलसने के कारण प्यारे लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी की शिकायत पर मामला दर्ज
बता दें, सुजानपुर के मृतक जम्मू कलियारी निवासी प्यारे लाल (65) मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। बुधवार सुबह 6 बजे वो मजदूरी के लिए ही घर से निकला था कि रास्ते में ये हादसा हो गया। प्यारे लाल के परिवार में पत्नी रानी देवी और 2 बेटियां हैं। पुलिस ने मृतक प्यारे लाल की बेटी शिवानी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। अज्ञात कर्मचारियों पर दर्ज किया गया मामला
बता दें, सुजानपुर पुलिस की और से सीवरेज बोर्ड के उन कर्मचारियों और उत्तरदायी व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया है जिनकी देखरेख में यह काम चल रहा था। पुलिस ने बीएनएस 105 के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, जिन कर्मचारियों की लापरवाही से हादसा हुआ उनका नाम एफआईआर में नहीं है। पुलिस ने अज्ञात कर्मचारियों पर मामला दर्ज किया है। नियमों का नहीं किया था पालन
हिंदू सुरक्षा समिति के चेयरमैन सुरेंद्र मनहास, शिवसेना नेता संजीव शर्मा समेत कई लोगों ने कहा कि यह पूरा हादसा पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड विभाग की लापरवाही से हुआ है। क्योंकि यहां पर विभाग की ओर से न तो खुदाई के दौरान किसी प्रकार से रास्ता बंद किया हुआ था, यदि बिजली का पोल नीचे गिर गया था तो उसकी बिजली की सप्लाई बंद क्यों नहीं करवाई गई।
उन्होंने आरोप लगाते कहा कि सीवरेज बोर्ड ने शहर में कई जगह पर खुदाई की हुई है जहां हादसे हो रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मांग उठाई कि लापरवाही पाए जाने पर पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के एसडीओ और विभाग के ठेकेदार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
जांच में सीवरेज बोर्ड की लापरवाही मिली: एसएचओ
सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी मोहित टाक ने कहा कि रोड पर सीवरेज बोर्ड द्वारा पाइपलाइन का काम किया जा रहा है और वहां पर गिरे हुए एक बिजली के पोल से करंट लगने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। जांच के दौरान सीवरेज बोर्ड विभाग की लापरवाही सामने आई है उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसडीओ बोले- रात को लगाए थे बैरिकेड्स
वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के एसडीओ लुकिंद्र वर्मा से पूछने पर उनका कहना था कि ईको पर्यावरण फर्म मोहाली को ठेका दिया गया है। पाइप लाइन का 20 करोड़ रुपए की लागत से काम करवाया जा रहा है। हादसे के संबंध में ठेकेदार के कर्मचारी ने उन्हें बताया है कि रात को खुदाई का काम कर इस मार्ग को बैरिकेड से बंद कर चले गए थे। हो सकता है रात को आंधी-तूफान से बिजली पोल गिर गया होगा।
बिजली बोर्ड के एसडीओ बोले- हमें सूचना नहीं दी
मौके पर पहुंचे बिजली बोर्ड के एसडीओ अशोक ने बताया कि यह पायनियर एग्रो फीडर 11 केवी की सप्लाई माधोपुर कुल्लिया को जाती है। सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि रात में 4 से 5 बजे दरम्यान पार्क वाले रोड पर सीवरेज बोर्ड जेसीबी के साथ खुदाई का काम करवा रहा था। इस दौरान 11 केवी बिजली का पोल सड़क के बीच गिर गया परंतु विभाग को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई और यह हादसा हो गया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें