पंजाब के राजपुरा और बटाला में हाल ही में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार देर रात पूरे शहर में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई, जबकि क्लब, बार और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस ने अचानक पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। देर रात तक चले अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और उनकी तलाशी भी ली गई। क्लब और बार अचानक पहुंची पुलिस चंडीगढ़ में पहले भी कई आपराधिक मामलों में क्लब और बार के जरिए बाहरी बदमाशों के शहर में आने के इनपुट सामने आते रहे हैं। इसे देखते हुए इस बार क्लब और बार की जांच की जिम्मेदारी ऑपरेशन सेल को सौंपी गई। अभियान की निगरानी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने की। ऑपरेशन सेल की टीम शुक्रवार देर रात अचानक शहर के विभिन्न क्लब और बार में पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों की पहचान की जांच की और यह भी देखा कि क्लब में कौन-कौन मौजूद है। इसके अलावा यह भी जांच की गई कि क्लब तय समय पर बंद हो रहे हैं या नहीं। जांच के दौरान पुलिस ने क्लब और बार में मौजूद लोगों से उनके पहचान पत्र भी जांचे। यह पता लगाया गया कि कौन स्थानीय चंडीगढ़ का रहने वाला है, कौन ट्राईसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) से आया है और कौन अन्य राज्यों से पहुंचा है। जो व्यक्ति संदिग्ध लगा, उससे मौके पर ही पूछताछ की गई। जरूरत पड़ने पर उसकी तलाशी भी ली गई और कुछ लोगों को आगे की जांच के लिए हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एसएसपी ने ली सभी डीएसपी की बैठक पंजाब के राजपुरा और बटाला में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद शुक्रवार को चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने पुलिस मुख्यालय में शहर के सभी डीएसपी के साथ मीटिंग की। जो काफी देर तक चली, जिसमें शहर की मौजूदा कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि चंडीगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजाब में हुई घटनाओं को देखते हुए शहर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को हल्के में न लिया जाए। एसएसपी ने सभी डीएसपी को अपने-अपने सब-डिवीजन में लगातार फील्ड में मौजूद रहने और नाकाबंदी, गश्त तथा चेकिंग अभियान की स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को भी अपने क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के आदेश दिए गए। बैठक में यह भी तय किया गया कि चंडीगढ़ में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर सख्त नाकाबंदी की जाएगी। प्रत्येक नाके पर वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच होगी। बिना जांच के किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। एसएसपी ने ऑपरेशन सेल, थाना पुलिस और अन्य पुलिस टीमों को मिलकर संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्लब, बार, होटल, गेस्ट हाउस, भीड़भाड़ वाले बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित और सख्त जांच की जाए। वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जांच की जाए और कोई भी संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर तुरंत पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में मिले या उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद हो, तो तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया सूचना तंत्र (इंटेलिजेंस) को सक्रिय रखने और हर इनपुट पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई गई निगरानी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। बाजारों, होटल, क्लब, बार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। दिन के साथ-साथ रात के समय भी लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। ऑपरेशन सेल के साथ-साथ थाना पुलिस, पीसीआर और अन्य पुलिस टीमों को भी लगातार फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस शहर के अलग-अलग इलाकों में पैदल और वाहनों से गश्त कर रही है। इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान की जांच की जा रही है और उनके सामान की भी तलाशी ली जा रही है।
Source link
