पंजाब के अमृतसर से आए व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर हरियाणा में व्यापार विस्तार को लेकर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमृतसर की प्रसिद्ध मजीठ मंडी के सूखे मेवे के थोक व्यापार को सोनीपत जिले में विस्तार देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए स्वीकृति पत्र भी जारी किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और प्रदेश में निवेश करने वाले व्यापारियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को व्यापार और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनाना है।
सीएम सैनी बोले- हरियाणा में स्वागत, हर सुविधा मिलेगी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अमृतसर से आए सभी व्यापारियों का हरियाणा में स्वागत है और सरकार हर कदम पर व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों को बेहतर बुनियादी ढांचा, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे आसानी से अपना कारोबार बढ़ा सकें। दिल्ली के व्यापारी भी आएंगे उन्होंने यह भी बताया कि केवल अमृतसर ही नहीं, बल्कि दिल्ली की प्रमुख थोक बाजार खारी बावली और भगीरथ पैलेस के व्यापार को भी सोनीपत के राई क्षेत्र में विस्तार देने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है। इससे हरियाणा में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापारिक माहौल को और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार नई नीतियां और योजनाएं लागू कर रही है, ताकि देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारी हरियाणा को अपने कारोबार के लिए पसंदीदा स्थान बना सकें।
Source link
