हरियाणा के पंचकूला में मेयर चुनाव को लेकर BJP प्रत्याशी का आज ऐलान हो सकता है। सीएम के राजनीतिक सचिव तरूण भंडारी का नाम भी इसमें अब जुड़ गया है। हालांकि पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल और पूर्व जिला प्रधान श्यामलाल बंसल का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। कांग्रेस के द्वारा मेयर पद का प्रत्याशी ब्राह्मण समुदाय से बनाने के बाद अब BJP वैश्य प्रत्याशी पर यहां दांव खेल सकती है। क्योंकि पंचकूला की सीट परंपरागत तौर पर वैश्य समुदाय की रही है। BJP विधानसभा चुनाव के दौरान यहां से लगातार वैश्य चेहरे को ही अपना प्रत्याशी बनाती रही है। ऐसे में उम्मीद तो यही की जा रही है कि BJP इस बार भी ऐसा ही करेगी लेकिन अंतिम समय अगर कोई बदलाव आता है तो पंजाबी-पंडित चेहरा भी प्रत्याशी हो सकता है। कांग्रेस प्रत्याशी ने खोला चुनाव कार्यालय BJP भले ही अभी तक नगर निगम चुनाव को लेकर प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है लेकिन कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मेयर पद की कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने अपना चुनाव कार्यालय खोल दिया है। कार्यालय का उद्घाटन कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने किया। कार्यालय खुलने के साथ ही सुधा भारद्वाज ने चुनाव प्रचार की शुरुआत भी कर दी है। फिलहाल वे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने में जुटी हैं। इसके साथ ही पार्टी में नाराज चल रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का दौर भी शुरू कर दिया गया है। सुधा भारद्वाज ने अपने पति संजीव भारद्वाज के साथ कांग्रेस के बड़े पंजाबी नेता रविंद्र रावल के निवास पर जाकर मुलाकात की। रावल टिकट के प्रबल दावेदार थे लेकिन चंद्रमोहन के विरोध की वजह से उनको टिकट नहीं मिली। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले पार्टी के भीतर एकजुटता दिखाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। संगठन को एकजुट करने की कोशिश सुधा भारद्वाज मेयर पद के अन्य दावेदारों से भी लगातार संपर्क साध रही हैं, ताकि सभी को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरा जा सके। वहीं आज उन्होंने जिला प्रधान संजय चौहान के साथ भी कार्यालय में मीटिंग की। कांग्रेस की ओर से यह रणनीति चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और व्यापक समर्थन जुटाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
Source link
