Related Posts

महा बैठक में कश्यप समाज की सरकार के खिलाफ नाराजगी:करनाल में बोले-समर्थन दिया, लेकिन प्रतिनिधित्व नहीं मिला; अब सिर्फ वोट बैंक नहीं रहेंगे




करनाल में स्थित कश्यप धर्मशाला में रविवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय महा बैठक में कश्यप समाज के लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी साफ नजर आई। बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर आक्रोश जताया। समाज के लोगों का कहना है कि उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सरकार, बोर्ड, निगम, आयोग और मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली, जिससे असंतोष बढ़ रहा है। हजारों लोगों की मौजूदगी, एकता का प्रदर्शन महा बैठक में हरियाणा के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कश्यप समाज के लोग पहुंचे। इस दौरान समाज की एकजुटता और संगठनात्मक ताकत देखने को मिली। कार्यक्रम में कश्यप महापंचायत हरियाणा के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन की जिम्मेदारी घरौंडा हल्का अध्यक्ष सत्यवान कश्यप और आशु कश्यप ने संभाली, जबकि मंच संचालन कानूनी सलाहकार राजपाल कश्यप ने किया। राजनीतिक भागीदारी और समाज के उत्थान पर चर्चा बैठक के दौरान समाज के उत्थान, युवाओं के भविष्य, राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक जागरूकता और संगठन को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाएगा। युवाओं को रोजगार और नेतृत्व से जोड़ने की योजना युवा प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही प्रतिभाशाली युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के प्रयास किए जाएंगे। प्रदेशभर में खुलेंगे रोजगार मार्गदर्शन केंद्र प्रदेश अध्यक्ष रामजीलाल कश्यप ने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए पूरे प्रदेश में रोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर सरकारी और निजी नौकरियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार पर साधा निशाना, हिस्सेदारी की मांग रामजीलाल कश्यप ने अपने संबोधन में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कश्यप समाज ने हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई है, लेकिन उसे उसकी जनसंख्या और योगदान के अनुसार प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि समाज अपने अधिकार और सम्मानजनक हिस्सेदारी के लिए संघर्ष जारी रखेगा। मैनपाल कश्यप ने समाज के लोगों से संगठन को गांव, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। एकजुटता से ही मिलेगा अधिकार महाबैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं, युवाओं और महिलाओं ने एकजुट होकर समाज के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में है और संगठित रहने से ही भविष्य में राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में उचित भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें