![]()
पंचकूला शहर के पॉश सेक्टरों में अवैध कब्जों और नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर कार्रवाई की। ग्रीन बेल्ट, सरकारी जमीन और अतिरिक्त जगह पर किए गए अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया गया। यह कार्रवाई जिला लोक शिकायत निवारण समिति (ग्रीवांस कमेटी) की बैठक में मामला उठने के बाद की गई। दरअसल, सेक्टर-11 निवासी डॉ. हिमांशु ने ग्रीवांस कमेटी में शिकायत दी थी कि उनके पड़ोसियों ने ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा कर रैंप और दीवारें बना ली हैं, जिससे उनके घर आने-जाने में परेशानी हो रही है। मामले की जांच के दौरान हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के अधिकारियों ने पाया कि शिकायतकर्ता ने भी पीछे की ओर नियमों के खिलाफ दरवाजा निकाला हुआ था। मंत्री ने दिए थे आदेश मामला सामने आने पर ग्रीवांस कमेटी की बैठक में मौजूद खनन एवं पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट और सरकारी जमीन पर किए गए सभी अवैध कब्जे हटाए जाएं। साथ ही नियमों के खिलाफ बनाए गए दरवाजों और रास्तों को भी बंद करने के आदेश दिए गए। इसके बाद प्रशासन ने सेक्टरों में अभियान चलाकर घरों के आगे और पीछे अतिरिक्त सरकारी जमीन पर बनाई गई जालियां, पक्के निर्माण और अवैध गेटों को बुलडोजर से हटाना शुरू कर दिया। कई स्थानों पर अवैध रास्तों को बंद किया गया और अतिक्रमण तोड़े गए। पहली बार हुई ऐसी कार्रवाई प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में पहली बार पॉश सेक्टरों में बड़े स्तर पर चलाए गए ‘पीले पंजे’ के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा और नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे संबंधित व्यक्ति कितना भी रसूखदार क्यों न हो।
Source link
पंचकूला के सेक्टरों में पहली बार अवैध कब्जे तोड़े:रैंप और दीवार तोड़ीं; ग्रीवांस कमेटी में उठा था मुद्दा, मंत्री के आदेश पर कार्रवाई







